ईचागढ़, 08 अप्रैल : जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सरायकेला-खरसावां के आदेश अनुसार ईचागढ़ प्रखंड के चंदनपुर गांव में मंगलवार को विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विधिक सेवा प्राधिकार के पीएलवी कार्तिक गोप ने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि पूरे विश्व में लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए प्रतिवर्ष 7 अप्रैल को ‘विश्व स्वास्थ्य दिवस’ मनाया जाता है। यह दिन केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि मानवता को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाने का एक वैश्विक संकल्प है।
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, बढ़ता प्रदूषण और मिलावटी खान-पान ने मनुष्य के स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव डाला है। मधुमेह, हृदय रोग और तनाव जैसी समस्याएं अब आम बात हो गई हैं। विश्व स्वास्थ्य दिवस हमें याद दिलाता है कि विज्ञान और तकनीक में प्रगति के बावजूद, ‘निवारण उपचार से बेहतर है’
एक स्वस्थ जीवन जीने के लिए लोगों को कुछ बुनियादी आदतों को अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य दिवस हमें यह संदेश देता है कि स्वास्थ्य हमारा सबसे बड़ा धन है। यदि हम स्वयं स्वस्थ रहेंगे, तभी एक स्वस्थ समाज और समृद्ध राष्ट्र का निर्माण संभव है।