राजीव गांधी की जयंती पर बागबेड़ा में श्रद्धांजलि सभा, 32 साल पुरानी प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

राजीव गांधी की जयंती पर बागबेड़ा में श्रद्धांजलि सभा, 32 साल पुरानी प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

जमशेदपुर, 20 अगस्त : भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर मंगलवार को बागबेड़ा क्षेत्र में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। हरहरगुट्टू स्थित पुराना बाजार के समीप वरिष्ठ कांग्रेस नेता जोगिंदर सिंह के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम का नेतृत्व घाघीड़ीह मंडल अध्यक्ष रंजन सिंह के साथ जोगिंदर सिंह, राजा ओझा, वेद प्रकाश तिवारी, अनिल सिंह, नवनीत मिश्रा, शुभम झा और संतोष रजक ने किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण राजीव गांधी की 32 वर्ष पुरानी प्रतिमा रही। बताया गया कि यह प्रतिमा पिछले तीन दशकों से अधिक समय से घाघीड़ीह निवासी वरिष्ठ कांग्रेसी जोगिंदर सिंह के आवास पर रखी हुई थी। प्रतिमा की साफ-सफाई के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।

इस मौके पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने देश में आधुनिक तकनीक, संचार और विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में राजीव गांधी के योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।

कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि राजीव गांधी की 32 वर्ष पुरानी प्रतिमा को जल्द ही उचित एवं सम्मानजनक स्थान पर स्थापित कराया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी उनके योगदान और विचारों से परिचित हो सकें। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के विचारों और उनके सपनों के भारत के निर्माण की दिशा में कार्य करने का संकल्प लिया।

Share This Article