विधानसभा की सामान्य प्रयोजन समिति ने की योजनाओं की समीक्षा, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

आपदा मुआवजा, साइकिल वितरण और राजस्व संग्रहण में तेजी लाने को कहा – स्वास्थ्य केंद्रों में एंटीवेनम की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश

जमशेदपुर, 20 अगस्त : झारखंड विधानसभा की सामान्य प्रयोजन समिति की सभापति सह कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव की अध्यक्षता में गुरुवार को परिसदन सभागार, जमशेदपुर में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति सदस्य सह विधायक रौशन लाल चौधरी एवं सुरेश बैठा मौजूद रहे।

बैठक में आपदा प्रबंधन, पेयजल एवं स्वच्छता, भवन प्रमंडल, लघु सिंचाई, शिक्षा, नियोजन, सामाजिक सुरक्षा, परिवहन, पशुपालन, उद्योग, राजस्व, पथ निर्माण और समाज कल्याण समेत विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। समिति ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

समीक्षा के दौरान समिति ने आपदा प्रबंधन विभाग को मुआवजा भुगतान समेत अन्य लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कल्याण विभाग को छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरण का कार्य शत-प्रतिशत जल्द पूरा करने को कहा गया। वहीं वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को व्यापक स्तर पर पौधरोपण कराने तथा शिक्षा विभाग को विद्यालय परिसरों में विद्यार्थियों की सहभागिता से फलदार पौधे लगाने का निर्देश दिया गया।

सभापति डॉ. नीरा यादव ने जिला शिक्षा अधीक्षक से विद्यालयों में शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। ऊर्जा विभाग से जिले में विद्युत उपलब्धता की स्थिति की समीक्षा की गई। इसके अलावा राजस्व, उत्पाद, खनन, वाणिज्यकर एवं परिवहन विभाग से निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध राजस्व प्राप्ति की जानकारी ली गई। समिति ने संबंधित विभागों को तय समयावधि में राजस्व संग्रहण का लक्ष्य पूरा करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

स्वास्थ्य केंद्रों में एंटीवेनम की उपलब्धता अनिवार्य

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान समिति ने जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं के साथ एंटीवेनम की पर्याप्त उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। समिति ने कहा कि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में सर्पदंश के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य केंद्रों में जरूरी दवाओं की उपलब्धता में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए।

बैठक में सभी विभागीय पदाधिकारियों को अपने-अपने विभाग की योजनाओं एवं क्रियान्वित कार्यों की अद्यतन रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराने को भी कहा गया। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर उपायुक्त सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, तकनीकी विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article