आदित्यपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर चला विशेष जागरूकता अभियान, ऑटो और बाइक चालकों की हुई जांच

बिना कागजात पाए जाने पर दी गई चेतावनी, सुरक्षा नियमों के पालन का निर्देश
आदित्यपुर/सरायकेला, 18 जुलाई : सरायकेला-खरसावाँ जिला परिवहन कार्यालय की ओर से शुक्रवार को आदित्यपुर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो की अगुवाई में ऑटोक्लस्टर टोल ब्रिज रोड पर संपन्न हुआ।
अभियान के दौरान विशेष रूप से दोपहिया और तिपहिया (ऑटो) वाहनों की जांच की गई। चालकों से उनके ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन का निबंधन प्रमाणपत्र, बीमा तथा परमिट जैसे जरूरी दस्तावेजों की मांग की गई। जिनके पास आवश्यक कागजात नहीं मिले, उन्हें चेतावनी दी गई और दस्तावेज शीघ्र अद्यतन कराने का निर्देश दिया गया।

परिवहन पदाधिकारी ने सभी चालकों को यह स्पष्ट निर्देश दिया कि वे वाहन चलाते समय सभी वैध दस्तावेज अपने पास रखें। उन्होंने यह भी कहा कि वाहन का परिचालन तभी करें जब उनके पास वैध परमिट हो। ऑटो चालकों को निर्धारित वर्दी पहनने और वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने की भी हिदायत दी गई।
उन्होंने बताया कि निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाना मोटरयान अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है और इससे सड़क सुरक्षा को गंभीर खतरा होता है।
जिला परिवहन कार्यालय ने जानकारी दी है कि आगे भी इसी तरह के जांच अभियान चलाए जाएंगे ताकि आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति और अधिक जागरूक किया जा सके।



