स्वच्छता एवं जल जीवन मिशन की समीक्षा कर उप विकास आयुक्त ने दिए आवश्यक दिशा निर्देश

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

स्वच्छता एवं जल जीवन मिशन की समीक्षा कर उप विकास आयुक्त ने दिए आवश्यक दिशा निर्देश

खूंटी, 25 अगस्त : खूंटी जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उप विकास आयुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की अद्यतन प्रगति पर एजेंडावार विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। उप विकास आयुक्त ने समीक्षा के क्रम में हर घर जल, झार जल पंचायत, ग्रे वॉटर मैनेजमेंट, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट, जल जीवन मिशन के तहत हो रहे जलापूर्ति की गहन समीक्षा की। योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं ससमय पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिससे आमजनों को पेयजल सुनिश्चित की जा सके। पीवीटीजी टोलों में सुचारू रूप से पेयजल आपूर्ति को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

पंचायतों में प्लास्टिक कचरा संग्रहण के लिए उपलब्ध कराए गए ट्राय साइकिल की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि प्लास्टिक कचरा संग्रहण के लिए ट्राय साइकिल का संचालन पंचायती राज विभाग की सहायता से प्रारंभ किया जाए, जिससे दैनिक रूप से कचरा उठाव का कार्य प्रभावी ढंग से प्रारंभ हो सके। इसे लेकर ठोस कार्यप्रणाली बनाने एवं इसके संचालन और रख-रखाव हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में पंचायत स्तर पर संचालित प्लास्टिक पृथक्करण केंद्रों को पूरी तरह क्रियाशील बनाए जाने पर विशेष जोर दिया गया ताकि पंचायतों एवं ग्रामों को प्लास्टिक मुक्त घोषित करने की दिशा में ठोस पहल की जा सके।

उप विकास आयुक्त ने ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों को विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छता के प्रति बच्चों को जागरूक करने हेतु विशेष प्रयास करने का निर्देश दिया। School Sanitation & Hygiene Education के तहत बच्चों की व्यक्तिगत स्वच्छता तथा विद्यालय परिसर की स्वच्छता पर बल देते हुए संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि विद्यालयों में बच्चों के स्वच्छता का आकलन किया जाए एवं उन्हें स्वच्छ रहने हेतु निरंतर प्रेरित किया जाए। साथ ही विद्यालय प्रबंधन समिति को और अधिक सशक्त बनाने का निर्देश देते हुए कहा गया कि सप्ताह में एक बार स्वच्छता के मानकों पर विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को जागरूक करना सुनिश्चित किया जाए।

Share This Article