उपायुक्त ने गम्हरिया प्रखंड के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, SIR के तहत मतदाता गणना प्रपत्र वितरण का सत्यापन किया

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

सरायकेला, 09 जुलाई : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सरायकेला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत गम्हरिया प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 123, 124 एवं 125 के मतदाताओं के घर पहुंचकर गणना प्रपत्रों के वितरण का सत्यापन किया। इस दौरान उन्होंने गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों, BLO सुपरवाइजर, BLO एवं अन्य निर्वाचन कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।

उन्होंने निर्देश दिया कि गणना प्रपत्रों का वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत, त्रुटिरहित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए। प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए गणना प्रपत्रों का समयबद्ध संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन किया जाए तथा अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, अभियान के प्रत्येक चरण की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण करते हुए लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन तथा डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिया।

उन्होंने संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) को इनुमरेशन (गणना) प्रपत्रों के वितरण कार्य की नियमित समीक्षा करने तथा प्रगति की सतत निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि अभियान के सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जा सकें।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही अथवा निर्धारित दिशा-निर्देशों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी एवं BLO सुपरवाइजर की जवाबदेही निर्धारित करते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं निर्वाचन कर्मियों को पूर्ण संवेदनशीलता, जवाबदेही एवं समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सभी पात्र मतदाता इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें। गणना प्रपत्र को सही एवं पूर्ण रूप से भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने संबंधित BLO को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उपलब्ध कराएं तथा अपने परिवार एवं आसपास के पात्र मतदाताओं को भी इस अभियान में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे।

मौके पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी के साथ निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO)-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, सरायकेला अभिनव कुमार, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO)-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी, गम्हरिया प्रवीण कुमार, BLO सुपरवाइजर, BLO एवं अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Share This Article