हत्या के दो आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, वाहन व मोबाइल जब्त

सरायकेला, 19 जुलाई : सरायकेला थाना क्षेत्र के पटाहातु गांव में महिला शीला सोरेन की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना 16 जुलाई 2025 को सुबह 10 बजे के करीब हुई थी, जब महिला का शव गांव के समीप एक सुनसान स्थान पर मिला था। महिला के सिर पर गहरे घाव और बड़े पत्थर से वार के निशान पाए गए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका के पति रमाई सोरेन ने सरायकेला थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें गांव के ही दो व्यक्तियों – मनोज हेंब्रम उर्फ चोगे और मदन हेंब्रम उर्फ चोले पर हत्या का आरोप लगाया गया था। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया, जिसने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त किया गया वाहन (स्कूटी, संख्या JH05BJ-3174) और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। जांच के दौरान यह भी पुष्टि हुई कि मृतका का सिर कुचलकर हत्या की गई थी। घटनास्थल से खून लगे कपड़े और एक बड़ा पत्थर भी बरामद किया गया है।
इस छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सरायकेला, पुलिस निरीक्षक नितिन कुमार सिंह, सरायकेला, थानेदार विनय कुमार, थाना सरायकेला, रामरेखा पासवान, अमिश कुमार, गार्दी सुंडी, राजेश उरांव, अरुण कुमार महतो, पुलिस बल के जवान एवं तकनीकी टीम शामिल थे।
गिरफ्तार किए गए दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस इस हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।



