जमशेदपुर : साकची मनोकामना मंदिर क्षेत्र में चला आवारा पशु नियंत्रण अभियान, दो सांड पकड़कर गौशाला भेजे गए

जमशेदपुर : शहर में नागरिकों की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था को लेकर जमशेदपुर अक्षेस प्रशासन द्वारा बुधवार को साकची मनोकामना मंदिर एवं काशीडीह क्षेत्र में विशेष आवारा पशु नियंत्रण अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में घूम रहे आवारा पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं और आमजन की परेशानी को रोकना था।
अभियान के दौरान टीम ने सड़क पर घूम रहे दो आवारा सांडों को सफलतापूर्वक पकड़ लिया। दोनों सांडों को सुरक्षित तरीके से टाटानगर गौशाला भेजा गया, जहां उनकी देखभाल और संरक्षण की समुचित व्यवस्था की गई है।
अक्षेस प्रशासन के अनुसार, साकची और काशीडीह जैसे व्यस्त क्षेत्रों में आवारा पशुओं के कारण अक्सर यातायात बाधित होता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई की गई।
उप नगर आयुक्त ने बताया कि शहर के अन्य इलाकों में भी आवारा पशुओं की समस्या को गंभीरता से लिया जा रहा है और ऐसे विशेष अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी आवारा पशुओं से संबंधित समस्या दिखे तो नगर निगम को तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।



