लगातार बारिश ने छीना आशियाना, बुढ़िया देवी का परिवार बेघर

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

लगातार बारिश ने छीना आशियाना, बुढ़िया देवी का परिवार बेघर

संवाददाता, कुकड़ू,17 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड के बेरासी – सिरूम पंचायत स्थित बुरूडीह गांव से एक बेहद मार्मिक घटना सामने आई है। गांव की वृद्ध महिला बुढ़िया देवी का कच्चा मकान लगातार हो रही बारिश के कारण पूरी तरह से ढह गया। बारिश की मार ने न सिर्फ एक घर को तोड़ा, बल्कि एक पूरा परिवार बेघर हो गया।

बुढ़िया देवी के तीन बेटे — कृतिवास कुमार, रंजीत कुमार और दिलीप कुमार — अपने-अपने परिवारों के साथ इस टूटे हुए घर में ही रहते थे। अब सभी लोग अलग-अलग ग्रामीणों के घरों में शरण लिए हुए हैं। उनके चेहरों पर असहायता और पीड़ा साफ झलक रही है। बरसात में खुले आसमान के नीचे जीने की मजबूरी उन्हें दिन-रात खौफ में जीने पर मजबूर कर रही है।

बुढ़िया देवी ने बताया कि उन्होंने बरसों की मेहनत से यह छोटा-सा कच्चा घर खड़ा किया था, लेकिन अब सब कुछ पानी में बह गया। उनके पास अब न रहने का ठिकाना है, न ही भोजन और कपड़े जैसी जरूरी चीजें।

गांव के लोगों का कहना है कि प्रशासन की ओर से अब तक कोई सहायता नहीं पहुंची है। अगर जल्द मदद नहीं मिली तो यह परिवार भारी संकट में पड़ सकता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से शीघ्र मुआवजा और आवास योजना के तहत मदद देने की मांग की है।

बारिश की यह मार केवल मौसम की नहीं, बल्कि व्यवस्था की लाचारी का भी उदाहरण बनकर सामने आई है।

Share This Article