अवैध बालू पर सख्ती : औचक अभियान में 38 हजार घनफीट जब्त

कुकड़ू, 23 फरवरी : सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में सोमवार को अवैध बालू खनन, भंडारण और परिवहन के विरुद्ध प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए औचक निरीक्षण अभियान चलाया। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला खनन विभाग एवं तिरुलडीह थाना की संयुक्त टीम ने तिरुलडीह थाना क्षेत्र के तिरुलडीह, सिरकाडीह, सापदा तथा सपारूम बालू घाटों में जांच की।
निरीक्षण के दौरान सपारूम घाट के समीप अवैध रूप से भंडारित लगभग 38 हजार घनफीट बालू मिला, जिसे छापामारी टीम के द्वारा विधिवत रूप से जब्त किया गया। प्रशासन ने बताया कि जब्त खनिज के संबंध में नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
जांच के क्रम में संबंधित घाटों पर तत्काल अवैध उत्खनन की गतिविधि नहीं पाई गई। हालांकि तिरुलडीह एवं सिरकाडीह घाटों पर वाहनों के टायर के निशान मिले, जिससे पूर्व में संभावित परिवहन की आशंका जताई गई। इस पर वरीय अधिकारियों के निर्देशानुसार संभावित अवैध मार्गों पर विभिन्न स्थानों पर अवरोध गर्त (ट्रेंच) बनाकर रास्तों को अवरुद्ध कर दिया गया है, ताकि भविष्य में अवैध परिवहन रोका जा सके।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिजों के अवैध खनन, भंडारण या परिवहन को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने संकेत दिया है कि इस प्रकार के अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।



