सरायकेला नगर पंचायत में सर्वाधिक 74.86 प्रतिशत मतदान, आदित्यपुर व कपाली में 57 प्रतिशत से अधिक मतदाता पहुंचे बूथ

सरायकेला, 23 फरवरी : सरायकेला-खरसावां जिले में सोमवार को संपन्न हुए नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 में मतदाताओं ने उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दिन भर अलग-अलग समयांतराल में मतदान प्रतिशत में लगातार वृद्धि दर्ज की गई। शाम तक सभी निकाय क्षेत्रों में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हो गया।
आदित्यपुर नगर निगम में कुल 1,39,889 मतदाताओं में से 57.70 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुबह 9 बजे तक 9.35 प्रतिशत मतदान हुआ था, जो 11 बजे तक बढ़कर 21.80 प्रतिशत हो गया। दोपहर 1 बजे 34.84 प्रतिशत, 3 बजे 46.84 प्रतिशत और 5 बजे 57.30 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान समाप्ति तक यह आंकड़ा 57.70 प्रतिशत पर पहुंच गया।
कपाली नगर परिषद में कुल 33,766 मतदाताओं में से 57.38 प्रतिशत मतदान हुआ। सुबह 9 बजे 8.99 प्रतिशत मतदान हुआ, जो 11 बजे 22.13 प्रतिशत और 1 बजे 35.59 प्रतिशत हो गया। 3 बजे तक 48.16 प्रतिशत और 5 बजे तक 57.38 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अंतिम आंकड़ा भी 57.38 प्रतिशत रहा।
वहीं सरायकेला नगर पंचायत में मतदाताओं का उत्साह सबसे अधिक देखने को मिला। कुल 10,762 मतदाताओं में से 74.86 प्रतिशत ने मतदान किया। सुबह 9 बजे 13.68 प्रतिशत मतदान हुआ, जो 11 बजे 30.37 प्रतिशत और 1 बजे 47.57 प्रतिशत तक पहुंच गया। 3 बजे तक 63.07 प्रतिशत तथा 5 बजे 74.86 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अंतिम प्रतिशत भी 74.86 ही रहा।
प्रशासन की ओर से सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। कुल मिलाकर जिले में मतदान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। अब मतगणना की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।



