चतरा में एयर एंबुलेंस क्रैश: रांची से दिल्ली जा रहा विमान जंगल क्षेत्र में गिरा, राहत-बचाव जारी

Contents
रांची, 24 फरवरी : झारखंड के चतरा से एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है। रांची से दिल्ली जा रहा एक छोटा विमान (एयर एंबुलेंस) चतरा जिले के खासियातू करम टांड़ जंगल क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं। क्षेत्र घने जंगलों से घिरा होने के कारण बचाव कार्य में चुनौती आ रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सोमवार को विमान में एक मरीज, उसके परिजन, एक डॉक्टर और एक मेल नर्स सवार थे। बताया जा रहा है कि विमान शाम करीब 7 बजे रांची स्टेट हैंगर से दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही विमान का संपर्क एयर ट्रैफिक कंट्रोल से टूट गया। डायरेक्टर एविएशन ने पुष्टि की है कि विमान रडार से गायब हो गया था, जिसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने जंगल क्षेत्र में तेज आवाज सुनने और धुएं का गुबार उठते देखने की जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल तक पहुंची। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है और घायलों/हताहतों की स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।




