सोमा मुंडा के हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी व फांसी की मांग, चाईबासा में कोल्हान वासियों ने निकाला कैंडल मार्च

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सोमा मुंडा के हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी व फांसी की मांग, चाईबासा में कोल्हान वासियों ने निकाला कैंडल मार्च

चाईबासा, 08 जनवरी : खूंटी में सामाजिक पारंपरिक नेतृत्वकर्ता, जल–जंगल–जमीन के संरक्षक एवं पड़हा राजा सोमा मुंडा की अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारकर की गई हत्या के बाद पूरे झारखंड में शोक और आक्रोश का माहौल है। इस जघन्य हत्या के विरोध में राज्य के विभिन्न जिलों में सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों द्वारा लगातार विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में गुरुवार को चाईबासा के तांबो चौक पर कोल्हान वासियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। कैंडल मार्च के माध्यम से लोगों ने स्व. सोमा मुंडा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की परंपरा, सम्मान और सामाजिक व्यवस्था पर सीधा हमला है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष एवं त्वरित जांच की मांग करते हुए हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर फांसी की सजा देने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

इस संबंध में देसावली फाउंडेशन के साधु हो ने बताया कि कैंडल मार्च शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रदर्शनकारियों ने सरकार एवं प्रशासन से न्याय सुनिश्चित करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

Share This Article