कपाली पुलिस पर आदिवासी युवती से मारपीट का आरोप : मामला गरमाया, पीड़िता एमजीएम में इलाजरत, एसपी ने दिए जांच के निर्देश
चांडिल, 16 जून : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी पुलिस पर आदिवासी युवती से मारपीट के लगाए गए आरोपों का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। कथित पिटाई की शिकार युवती अल्पना माहली की तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आई है। परिजनों द्वारा उसे इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल ले जाया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
मालूम हो कि चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा पुनर्वास कॉलोनी निवासी अल्पना माहली ने आरोप लगाया है कि लापता युवती तस्कीन खानम के मामले में पूछताछ के लिए कपाली ओपी बुलाए जाने के बाद पुलिसकर्मियों ने उसे एक कमरे में बंद कर बर्बर तरीके से मारपीट की। युवती का दावा है कि पूछताछ के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई थी और वह कुछ समय के लिए बेहोश भी हो गई थी।
इधर, घटना को लेकर क्षेत्र के विभिन्न आदिवासी संगठनों में आक्रोश व्याप्त है। संगठनों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय स्तर पर इस मुद्दे को लेकर विरोध की तैयारी भी की जा रही है।
वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। जानकारी के अनुसार, सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने मामले का संज्ञान लेते हुए चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) को जांच के निर्देश दिए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक कपाली पुलिस की ओर से आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। पुलिस का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
फिलहाल पूरे मामले की निष्पक्ष जांच का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही आरोपों की सत्यता और घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।