महिला व बुजुर्ग का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

नीमडीह/कुकडू, 20 जून : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में शनिवार सुबह अलग-अलग स्थानों पर एक महिला और एक बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तिरुलडीह थाना क्षेत्र के कुकडू प्रखंड मुख्यालय के समीप चोकेगोड़िया मैदान में एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव बरामद किया गया। सुबह ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना तिरुलडीह पुलिस को दी गई। शव के पास एक साइकिल और टॉर्च भी पड़ी हुई मिली है, जबकि शरीर पर खून के धब्बे दिखाई देने से घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।

स्थानीय लोगों ने मृतक की पहचान चौका-आदारडीह निवासी लगभग 70 वर्षीय सनातन गोप के रूप में की है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक मृतक की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुट गई है।

इधर, नीमडीह थाना क्षेत्र के बामनी गांव में भी शनिवार सुबह एक महिला का खून से लथपथ शव मिलने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि गांव स्थित तालाब के समीप महिला का शव पड़ा हुआ था। महिला के चेहरे और मुंह के पास गंभीर चोट के निशान देखे गए हैं, जिससे हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

घटना की सूचना मिलने पर नीमडीह थाना प्रभारी दिलशन बिरुआ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई।

दोनों मामलों में पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल क्षेत्र में दोनों घटनाओं को लेकर लोगों के बीच चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Share This Article