पदमपुर टोल प्लाजा पर बड़ी कार्रवाई, अवैध कोयला परिवहन में चार वाहन जब्त

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

पदमपुर टोल प्लाजा पर बड़ी कार्रवाई, अवैध कोयला परिवहन में चार वाहन जब्त

सरायकेला, 16 जून : जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोयला लदे चार वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई जिला खनन विभाग एवं कांड्रा थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा कांड्रा थाना क्षेत्र स्थित पदमपुर टोल प्लाजा में चलाए गए विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान की गई।

जानकारी के अनुसार उपायुक्त के निर्देश पर जिले में अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पदमपुर टोल प्लाजा में औचक जांच के दौरान कोयला लदे चार वाहनों (JH05AU6616, JH05DE1017, JH05DN1016 एवं JH05DE6826) को रोका गया। जांच के दौरान वाहन चालकों से खनिज परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेजों की मांग की गई, लेकिन वे आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।

दस्तावेजों के अभाव में खनन विभाग ने सभी चार वाहनों को नियमानुसार जब्त कर लिया और सुरक्षा की दृष्टि से कांड्रा थाना के सुपुर्द कर दिया। मामले में जिला खनन विभाग द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, भंडारण और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ जिले में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध खनन एवं अन्य प्रासंगिक कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त ने कहा कि जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी भी परिस्थिति में ऐसे कार्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि अवैध खनन, भंडारण अथवा परिवहन से जुड़ी किसी भी सूचना की जानकारी प्रशासन को दें, ताकि त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Share This Article