नीमडीह के हाईतिरुल गांव में जंगली हाथी का उत्पात, किराना दुकान का दरवाजा तोड़कर सामान किया चट

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

नीमडीह के हाईतिरुल गांव में जंगली हाथी का उत्पात, किराना दुकान का दरवाजा तोड़कर सामान किया चट

नीमडीह, 08 अगस्त : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत हाईतिरुल गांव में शुक्रवार देर रात एक जंगली हाथी के घुस आने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। हाथी ने गांव में जमकर उत्पात मचाया और संतोष कर्मकार की किराना दुकान को निशाना बनाया।

ग्रामीणों के अनुसार, जंगली हाथी अचानक गांव में प्रवेश कर गया। हाथी के गांव में पहुंचने की खबर मिलते ही लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए। इसी दौरान हाथी ने संतोष कर्मकार की किराना दुकान पर हमला कर दिया। हाथी ने दुकान का दरवाजा तोड़ दिया और अंदर रखे आलू, प्याज समेत अन्य खाद्य सामग्री को खा गया।

घटना के बाद से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार जंगली हाथियों की आवाजाही बनी हुई है, लेकिन वन विभाग की ओर से हाथियों को गांव में आने से रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

ग्रामीणों ने वन विभाग के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि समय रहते हाथियों के आतंक पर नियंत्रण नहीं किया गया और भविष्य में किसी व्यक्ति की जान जाती है, तो इसके लिए वन विभाग के अधिकारी जिम्मेदार होंगे।

ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल गांव में निगरानी बढ़ाने, हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने तथा प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Share This Article