सरायकेला-खरसावां पुलिस का अभियान, ग्रामीणों को अफीम की खेती से दूर रहने की दी सलाह
सरायकेला, 17 सितम्बर : जिले में अफीम की अवैध खेती को रोकने के उद्देश्य से सरायकेला-खरसावां पुलिस ने बुधवार को प्री कल्टीवेशन ड्राइव के तहत कई इलाकों में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को अफीम की खेती के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार, अभियान कुचाई थाना क्षेत्र के दामादिरी गांव, दलभंगा ओपी क्षेत्र के लिपिजारी, गुटुहातु और पतराडीह गांव तथा ईचागढ़ थाना क्षेत्र के कुंद्रिलोंग गांव में चलाया गया। यहां थाना प्रभारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को अफीम की अवैध खेती से होने वाले नुकसान के बारे में बताया।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया कि अफीम की खेती और विक्रय कानूनन दंडनीय अपराध है। साथ ही, उन्हें वैकल्पिक फसल अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया ताकि किसान सुरक्षित और कानूनी तरीके से आजीविका कमा सकें।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य आगामी फसली वर्ष में जिले में अफीम की अवैध खेती की संभावना को नगण्य करना है। पुलिस ने ग्रामीणों से सहयोग की अपील की है ताकि जिले को नशा मुक्त बनाने के प्रयास सफल हो सकें।