इस्लामनगर में पाइपलाइन के गड्ढे में फंसी स्कूली वैन, बच्चों को ग्रामीणों ने सुरक्षित निकाला

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल, 13 अगस्त : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदे गए गड्ढे अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बनते जा रहे हैं। गुरुवार सुबह इस्लामनगर मस्जिद के पास पाइपलाइन के लिए खोदे गए गड्ढे में बच्चों को लेकर जा रही एक स्कूली वैन फंस गई। वैन में कई स्कूली बच्चे सवार थे। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कपाली नगर परिषद के वार्ड संख्या 4, 5 और 6 के आसपास पानी सप्लाई के लिए पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है। पाइपलाइन बिछाने के लिए जगह-जगह गड्ढे खोदे गए हैं, लेकिन काम पूरा होने के बाद कई स्थानों पर गड्ढों को सही तरीके से भरकर सड़क की मरम्मत नहीं की जा रही है। इसके कारण वाहन चालकों और राहगीरों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पाइपलाइन कार्य में संवेदक द्वारा सुरक्षा और सड़क की स्थिति का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा जा रहा है। कई जगह गड्ढे खुले या आधे-अधूरे भरे हुए हैं, जिससे आए दिन वाहन फंसने की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

स्कूली वैन के गड्ढे में फंसने की घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने कहा कि वे संबंधित पार्षदों के माध्यम से कपाली नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी से शिकायत करेंगे और पाइपलाइन कार्य के बाद सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग रखेंगे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूली बच्चों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में खुले या अधूरे गड्ढे गंभीर खतरा बन सकते हैं। उन्होंने नगर परिषद प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए सभी गड्ढों को सुरक्षित तरीके से भरने और क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है।

Share This Article