धान अधिप्राप्ति : किसान पंजीकरण व एडवांस सीएमआर में तेजी लाने के निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

धान अधिप्राप्ति : किसान पंजीकरण व एडवांस सीएमआर में तेजी लाने के निर्देश

सरायकेला, 06 जनवरी : समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा की अध्यक्षता में मंगलवार को धान अधिप्राप्ति से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी रौशन नीलकमल सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में धान अधिप्राप्ति की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। बताया गया कि जिले में अब तक 742 किसानों द्वारा 42,089.02 क्विंटल धान की बिक्री की जा चुकी है। जिले में कुल 6,191 किसान पंजीकृत हैं, जिनमें से 447 किसानों को धान विक्रय की राशि का भुगतान किया जा चुका है, जबकि शेष किसानों का भुगतान प्रक्रियाधीन है।

 

उप विकास आयुक्त ने धान अधिप्राप्ति केंद्रों (लैम्प्सवार) की प्रगति की समीक्षा करते हुए किसानों के पंजीकरण में वृद्धि, सभी केंद्रों से समय पर धान उठाव तथा एडवांस कस्टम मिल्ड राइस (सीएमआर) के नियत समय-सीमा के भीतर जनरेशन व प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि धान विक्रय के बाद किसानों को भुगतान त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से किया जाए, ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को दस्तावेजों के समयबद्ध संधारण, डेटा अद्यतन और नियमित निगरानी के माध्यम से धान अधिप्राप्ति कार्य को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने का निर्देश दिया। उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट किया कि धान अधिप्राप्ति कार्य में किसानों के हित सर्वोपरि हैं और सभी प्रक्रियाओं का सख्ती से पालन किया जाए।

Share This Article