
विधानसभा में गूंजा ईचागढ़ का मुद्दा, विधायक सविता महतो ने स्टेडियम, पर्यटन और हाथी आतंक पर उठाया सवाल
चांडिल, 11 अगस्त : ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने मानसून सत्र के दौरान विधानसभा में चांडिल अनुमंडल की लंबे समय से चली आ रही प्रमुख समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाकर क्षेत्र के विकास और ग्रामीणों की सुरक्षा का मुद्दा मजबूती से सामने रखा। विधायक ने तारांकित प्रश्न के माध्यम से जहां चांडिल अनुमंडल में खेल सुविधाओं और पर्यटन विकास की मांग रखी, वहीं शून्यकाल में लगातार बढ़ रहे जंगली हाथियों के आतंक से ग्रामीणों को निजात दिलाने के लिए स्थायी समाधान की मांग की।
विधायक ने नीमडीह, चांडिल और ईचागढ़ प्रखंड में स्टेडियम निर्माण का मामला विधानसभा में उठाते हुए सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। सरकार की ओर से बताया गया कि इन प्रखंडों में पूर्व से स्वीकृत स्टेडियम की अवधि पूरी हो चुकी है। सरकार ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक स्टेडियम बनाने का निर्णय लिया है। साथ ही कुकड़ू समेत अन्य प्रखंड से भूमि विवरण सहित नए प्रस्ताव मांगे गए हैं।
स्टेडियम निर्माण का मुद्दा उठाकर विधायक ने क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों के लिए जरूरी खेल बुनियादी ढांचे की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित किया है। चांडिल अनुमंडल के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन उचित खेल मैदान और प्रशिक्षण सुविधाओं के अभाव में कई प्रतिभाएं आगे नहीं बढ़ पातीं। ऐसे में विधानसभा में यह मुद्दा उठाना युवाओं के हित में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
विधायक सविता महतो ने ओड़िया और मुरु गांव को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का सवाल भी सदन में उठाया। सरकार ने माना कि चांडिल डैम के कारण इस क्षेत्र में पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। दोनों गांवों को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव जिला पर्यटन संवर्धन परिषद को भेजे जाने की जानकारी दी गई है। पर्यटन के विकास से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
हाथी आतंक पर स्थायी समाधान की मांग
वहीं, शून्यकाल के दौरान विधायक ने जंगली हाथियों के बढ़ते आतंक का मुद्दा गंभीरता से उठाया। ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में हाथियों के कारण ग्रामीणों की जान-माल, मकान और फसलों को हो रहे नुकसान का उल्लेख करते हुए उन्होंने सरकार से ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी और स्थायी समाधान की मांग की।
ईचागढ़ क्षेत्र में मानव-हाथी संघर्ष लंबे समय से गंभीर समस्या बना हुआ है। हाथियों के झुंड के गांवों में प्रवेश करने से ग्रामीणों में भय का माहौल रहता है। ऐसे में विधानसभा में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाकर विधायक ने प्रभावित ग्रामीणों की आवाज सदन तक पहुंचाने का काम किया है।
स्टेडियम, पर्यटन और हाथी आतंक जैसे तीन महत्वपूर्ण स्थानीय मुद्दों को विधानसभा में उठाना विधायक सविता महतो की क्षेत्रीय समस्याओं के प्रति सक्रियता को दर्शाता है। खासकर हाथी आतंक का मुद्दा सीधे ग्रामीणों की जिंदगी और सुरक्षा से जुड़ा है। वहीं खेल और पर्यटन से जुड़े सवाल क्षेत्र के युवाओं के भविष्य और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं। अब जरूरत है कि सरकार सदन में दिए गए आश्वासनों को धरातल पर उतारते हुए इन मुद्दों पर शीघ्र ठोस कार्रवाई करे।



