नगर पंचायत अंतर्गत योजनाओं एवं कार्यों की उपायुक्त ने की समीक्षा, दिए आवश्यक निर्देश

खूंटी, विशेष संवाददाता, 17 जुलाई : समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त आर. रॉनिटा की अध्यक्षता में नगर पंचायत की विभिन्न योजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित हुए। बैठक के दौरान उपायुक्त ने नगर पंचायत क्षेत्र के सभी वार्डों में चल रही योजनाओं की एक-एक कर समीक्षा की। इनमें पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई व्यवस्था, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM), नालियों की सफाई, स्ट्रीट लाइट की मरम्मत, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), राजस्व संग्रहण सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदु शामिल थे।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि क्षेत्र में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। नगर पंचायत क्षेत्र में लगे सभी स्ट्रीट लाइट को शत-प्रतिशत क्रियाशील बनाया जाए तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लंबित आवासों का निर्माण पूर्ण कराया जाए। साथ ही, योजना के अंतर्गत समय पर किस्त राशि का भुगतान किया जाए। नगर पंचायत द्वारा निर्मित पार्क आदि के बेहतर रख रखाव को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
उन्होंने रेवेन्यू कलेक्शन की स्थिति की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप संग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शहर को स्वच्छ रखने की दृष्टिकोण से उपायुक्त ने कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत एवं जिला खाद्य संरक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि नगर पंचायत क्षेत्र के दुकानों में अनिवार्य रूप से डस्टबिन यानी कूड़ादान रखवाना सुनिश्चित करें, लोगों को जागरूक करें, सभी दुकानदारों को निर्देशित करने को कहा गया कि वह अपने-अपने दुकानों के बाहर कूड़ादान रखे, जिससे शहर को स्वच्छ रखा जा सके। इसके अतिरिक्त शहर के विभिन्न स्थानों पर कूड़ादान की व्यवस्था करने हेतु नगर पंचायत को निर्देश दिया गया। जिला खाद्य संरक्षा पदाधिकारी को दुकानों की नियमित रूप से जांच करने, लाइसेंस निर्गत करने समेत अन्य को लेकर निर्देशित किया गया।



