
जमशेदपुर : यातायात पुलिस द्वारा वाहन जांच के नाम पर आम जनता से की जा रही अवैध वसूली, बेवजह परेशान करने, दुर्व्यवहार एवं अन्य अनियमितताओं के खिलाफ आजसू पार्टी पूर्वी सिंहभूम जिला समिति द्वारा चलाया जा रहा हस्ताक्षर अभियान शुक्रवार को सम्पन्न हो गया।
गत दो महीनों से शहर के विभिन्न चौक-चौराहों एवं प्रमुख स्थलों पर आजसू कार्यकर्ताओं द्वारा हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा था, जिसमें सैकड़ों लोगों ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई और पुलिसिया मनमानी के खिलाफ आवाज बुलंद की।

शुक्रवार को पूर्व मंत्री सह आजसू पार्टी केंद्रीय प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस केनेतृत्व में आजसू प्रतिनिधिमंडल ने हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा, जिसे राज्य के मुख्यमंत्री को प्रेषित किया गया। ज्ञापन में मांग की गई है कि यातायात पुलिस द्वारा की जा रही अवैध वसूली व अनियमितताओं पर अविलंब रोक लगाई जाए और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस ने कहा कि पुलिस को जनसेवक की भूमिका में रहना चाहिए, न कि जनता के शोषक की तरह व्यवहार करना चाहिए। यदि शीघ्र ही इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो पार्टी चरणबद्ध आंदोलन को बाध्य होगी।

हस्ताक्षर सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह, युवा मोर्चा संयोजक समेत कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल थे।



