धरती आबा बिरसा मुंडा के शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि सभा, जल-जंगल-जमीन की रक्षा का लिया संकल्प

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

धरती आबा बिरसा मुंडा के शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि सभा, जल-जंगल-जमीन की रक्षा का लिया संकल्प

जमशेदपुर, 09 जून : धरती आबा वीर शहीद बिरसा मुंडा के शहादत दिवस के अवसर पर मंगलवार को साकची स्थित बिरसा मुंडा पार्क में श्रद्धांजलि सभा एवं संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शहीद स्मारक समिति के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में सामाजिक, सांस्कृतिक, मानवाधिकार, झारखंड आंदोलन तथा जनसरोकार से जुड़े बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और धरती आबा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का नेतृत्व झारखंड आंदोलनकारी एवं हो समाज के वरिष्ठ नेता डेमका सोय, डॉ. आंबेडकर एससी/एसटी/ओबीसी माइनॉरिटी वेलफेयर समिति के संयोजक शंभू मुखी डुंगरी तथा झारखंड कौमी एकता मंच की संयोजिका प्रेरणा कड़ूलना ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बिरसा मुंडा का संघर्ष केवल अंग्रेजी शासन के खिलाफ नहीं था, बल्कि जल, जंगल, जमीन, प्राकृतिक संसाधनों तथा आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए भी था। उन्होंने कहा कि आज भी बिरसा मुंडा के विचार और उनका उलगुलान सामाजिक न्याय, लोकतंत्र, सांप्रदायिक सद्भाव और मेहनतकश लोगों के अधिकारों की लड़ाई को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।
वक्ताओं ने किसानों, मजदूरों और वंचित समुदायों के अधिकारों पर बढ़ते दबाव पर चिंता जताते हुए बिरसा मुंडा के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सोनका सरदार, नईमा हुसैन, मीरा कुमारी पांडे, अनिमा बोस, अजीत तिर्की, राजकुमार दास, रजनीकांत मिश्रा, राहुल शर्मा, रोहित शर्मा, गौतम बोस और दीपक सोरेन सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने शोषणमुक्त, न्यायपूर्ण और समतामूलक समाज के निर्माण तथा जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्षरत रहने का सामूहिक संकल्प लिया।

Share This Article