

पहले 100 दिनों में 100 लाभुकों को जोड़ने का था लक्ष्य, 115 लाभुकों को योजना से जोड़ने की पहल : मनोज कुमार चौधरी
सरायकेला, 27 अक्टूबर : सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र के 49 परिवारों का अपने पक्के घर का सपना साकार होने की दिशा में एक और कदम बढ़ा। मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 49 लाभुकों को आवास की स्वीकृति और निर्माण का नक्शा प्रदान किया गया। वर्षों से पक्के मकान की उम्मीद लगाए बैठे लाभुकों को स्वीकृति पत्र और नक्शा मिलने पर उनके चेहरे खिल उठे।
नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने बताया कि योजना के तहत स्वीकृत प्रत्येक लाभुक को आवास निर्माण के लिए कुल 2.5 लाख रुपये की सहायता राशि चार किस्तों में उपलब्ध कराई जाएगी। इससे जरूरतमंद परिवारों को अपना पक्का मकान बनाने में आर्थिक मदद मिलेगी।
अध्यक्ष ने कहा कि नगर पंचायत के नवनिर्वाचित बोर्ड ने पहले 100 दिनों में 100 लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया था। इसके लिए विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाए गए और वार्ड पार्षदों के सहयोग से पात्र लाभुकों की पहचान कर उन्हें योजना से जोड़ने की पहल की गई। सामूहिक प्रयासों से लक्ष्य से आगे बढ़ते हुए 115 लाभुकों को योजना से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई। इसी क्रम में मंगलवार को 49 लाभुकों को आवास की स्वीकृति और निर्माण का नक्शा दिया गया।
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र परिवार पक्के मकान की सुविधा से वंचित न रहे। नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
जलापूर्ति, बिजली और साफ-सफाई पर भी जोर
मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि नगर पंचायत की प्राथमिकता केवल आवास योजना तक सीमित नहीं है। वर्षों से बाधित जलापूर्ति की समस्या के समाधान की दिशा में पहल की गई है। निर्बाध बिजली आपूर्ति, साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए भी प्रयास जारी हैं। शहर के सभी मोहल्लों को रोशन करने के उद्देश्य से अच्छी गुणवत्ता वाली सेंसरयुक्त स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पात्र उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक निःशुल्क बिजली और मंईयां सम्मान योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 2,500 रुपये की सहायता मिल रही है। इन योजनाओं से आम लोगों को आर्थिक राहत मिल रही है।
अध्यक्ष ने नगरवासियों से अपील की कि कार्यालय, अंचल, पेयजल, बिजली अथवा मोहल्ले से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए उनसे संपर्क करें। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सभी वार्ड पार्षद जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए नगर के विकास के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।
स्वरोजगार और कौशल प्रशिक्षण को भी मिलेगा बढ़ावा
अध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ-साथ नगर पंचायत की ओर से स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए व्यवसाय ऋण और कौशल प्रशिक्षण से संबंधित कार्यक्रमों पर भी जोर दिया जा रहा है। इच्छुक नगरवासी ऋण एवं प्रशिक्षण के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसका उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को आवास के साथ आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने में सहयोग देना है।
इस अवसर पर नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि ने विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि नगर के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सभी वार्ड पार्षद मिलकर प्रयास कर रहे हैं।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद विक्रम मोदक, ज्योति साहू, सुषमा तियु, गौतम नायक, बबीता कमिला, सबिता पटनायक, बरुण कुमार साहू, शांति गोडसेरा एवं अजली राय सहित नगर प्रबंधक सुमित सुमन, सीएलटीसी मनोज महतो एवं सुबोध सोरेन, पर्यवेक्षक सूरज कुमार एवं विशाल कुमार, नगर मिशन मैनेजर मनी मुकुट सोरेन तथा नगर पंचायत के अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृति एवं नक्शा प्राप्त करने वाले 49 लाभुकों में मीना कर मोदक, प्रेम सिंह मोदक, मनोरंजन साहू, इला देवी, शांताना कर मोदक, मीना गोप, इंद्रजीत पाढ़िहारी, सुशील कमिला, रीता देवी, सूरज कुमार मंडल, मोहम्मद ताजम्मुल, लक्ष्मी बिसाई, गोपीनाथ मिश्रा, शिव कुमार साहू, बसमती देवी, तिरसी मुंडरी, सबिता सिंह मोदक, प्रकाश प्रामाणिक, रीना सरदार, सराजुद्दीन खान, सुल्ताना खातून, लखिमानी सरदार, नेहा मुखी, अमला साहू, नेहा हेम्ब्रम, मलाई कुमार पोद्दार, नाडो उग्रसांडी, बाबूराम उग्रसांडी, बास्तम सोय, गीता पडेया, सागर मुखी, राकेश मुखी, मंजू सरदार, राजेश पाढ़िहारी, राकेश मिश्रा, सुजाता देवी, खकन प्रामाणिक, काल्हू प्रामाणिक, सोमा नाग, सौरव सारंगी, दुर्गा चरण बेहरा, बेबी सामल, रेखा देवी, कविता साहू, संजीव कुमार बराट, अपराजिता करजी, विक्रम दित, प्रणति दाश और मनोरमा दित शामिल हैं।



