ईचागढ़ में चार सड़कों का शिलान्यास, संवेदक को विधायक सविता महतो ने कहा – गुणवत्ता से समझौता नहीं

Manbhum Updates
2 Min Read

ईचागढ़ में चार सड़कों का शिलान्यास, संवेदक को विधायक सविता महतो ने कहा – गुणवत्ता से समझौता नहीं

चांडिल, 29 अप्रैल : ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए विधायक सविता महतो ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चार सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया। करीब 50 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इन योजनाओं से क्षेत्र में आवागमन सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।
शिलान्यास की गई परियोजनाओं में एनएच-33 पारडीह से ब्रह्मानंद हॉस्पिटल तक 1.700 किलोमीटर सड़क का सुदृढ़ीकरण, बाबनडीह से मानीकुई तक 1.500 किलोमीटर सड़क निर्माण तथा चांडिल-कांड्रा रोड से चैनपुर तक लगभग 1.710 किलोमीटर सड़क का सुदृढ़ीकरण शामिल है। इसके अलावा एक अन्य सड़क का भी निर्माण इसी योजना के तहत किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने शिलापट्ट अनावरण कर योजनाओं की शुरुआत की और अधिकारियों व संवेदकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी और गड़बड़ी मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी।
संवेदक की ओर से आश्वस्त किया गया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं तय समय सीमा में पूरे किए जाएंगे।
इस अवसर पर झामुमो के वरिष्ठ नेता चारु चंद किस्कू, जिला परिषद सदस्य पिंकी लायक, पूर्व जिला परिषद सदस्य ओमप्रकाश लायक, जिला महासचिव बैद्यनाथ टुडू सहित कई जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Share This Article