मारपीट के बाद वाहन से ले जाने का आरोप, आरोपियों की निशानदेही पर रापचा वनभूमि से बरामद हुए शव
सरायकेला, 23 अगस्त : सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र में मारपीट, अपहरण और जानलेवा हमले के मामले ने सनसनीखेज मोड़ ले लिया है। करीब एक सप्ताह से लापता दो युवकों के शव गम्हरिया थाना क्षेत्र के रापचा फुटबॉल मैदान के पीछे वनभूमि में जमीन के अंदर दफन मिले हैं। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
मृतकों की पहचान राहुल हांसदा और तपन प्रधान के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बांस की बल्ली भी बरामद की है। वहीं, मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
13 अगस्त की शाम हुई थी मारपीट
पुलिस के अनुसार, पिण्ड्राबेड़ा निवासी रवि हांसदा ने 20 अगस्त को कांड्रा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 13 अगस्त की शाम धतकीडीह स्कूल के पास फुलचंद रघुनाथ हांसदा, रविन्द्र मार्डी समेत अन्य लोगों ने राहुल हांसदा, सूरज हांसदा और तपन प्रधान के साथ मारपीट की थी।
आरोप है कि मारपीट के बाद तीनों युवकों को एक वाहन से गम्हरिया के सरनामूल ले जाया गया, जहां उनके साथ जानलेवा हमला किया गया। बाद में सूरज हांसदा को छोड़ दिया गया, जबकि राहुल हांसदा और तपन प्रधान का कोई पता नहीं चल पाया।
आरोपियों की निशानदेही पर खुला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सरायकेला एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस रापचा फुटबॉल मैदान के पीछे स्थित वनभूमि पहुंची। यहां जमीन के अंदर दफन दोनों युवकों के शव बरामद किए गए। शवों की बरामदगी की पूरी प्रक्रिया प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी तथा गम्हरिया के बीडीओ-सह-अंचल अधिकारी की मौजूदगी में वीडियोग्राफी के साथ कराई गई।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बांस की बल्ली भी बरामद की है। मामले में शामिल अन्य दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।



