कुकड़ू में जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक, पेयजल योजनाओं और ODF प्लस की प्रगति की समीक्षा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कुकड़ू में जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक, पेयजल योजनाओं और ODF प्लस की प्रगति की समीक्षा

कुकड़ू, 12 जून : प्रखंड प्रमुख प्रतिमा सिंह पातर की अध्यक्षता में शुक्रवार को प्रखंड जल एवं स्वच्छता समिति, कुकड़ू की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड क्षेत्र में संचालित एवं पूर्ण हो चुकी जलापूर्ति योजनाओं तथा ओडीएफ प्लस के तहत चल रही गतिविधियों की प्रगति और वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति को सुचारु और सुदृढ़ बनाए रखने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा हुई। विशेष रूप से उन चापाकलों की स्थिति की समीक्षा की गई, जिनके पाइप जर्जर हो चुके हैं अथवा जिनका बोर धंस गया है। ऐसे चापाकलों को प्राथमिकता के आधार पर बदलने का सुझाव दिया गया, ताकि प्रभावित ग्रामीणों को निर्बाध पेयजल सुविधा मिल सके।

साथ ही साधारण मरम्मत योग्य खराब चापाकलों की सूची संबंधित विभागों से उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया, जिससे भीषण गर्मी के दौरान उनकी शीघ्र मरम्मत कर पेयजल संकट को कम किया जा सके। बैठक में जलापूर्ति योजनाओं के नियमित अनुरक्षण, गुणवत्तापूर्ण संचालन और समयबद्ध क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया।

प्रखंड प्रमुख ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि पेयजल और स्वच्छता योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करते हुए आम लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि पेयजल संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान और योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी राजश्रीं बखला, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, आकांक्षी प्रखंड फेलो, कनीय अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, जेएसएलपीएस के प्रतिनिधि, पंचायती राज विभाग के अधिकारी, महिला पर्यवेक्षिका, प्रखंड वाश कोऑर्डिनेटर सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Share This Article