आदित्यपुर में हर शनिवार लगेगा जनता दरबार, एसपी निधि द्विवेदी की पहल से आम लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
सरायकेला, 12 जून : सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एक सराहनीय पहल की गई है। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने आदित्यपुर क्षेत्र के लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कैंप कार्यालय जियाडा (आएडा भवन) में प्रत्येक शनिवार को जनता दरबार आयोजित करने का निर्णय लिया है।
जारी सूचना के अनुसार, कल 13 जून से इस व्यवस्था की शुरुआत होगी। प्रत्येक शनिवार पूर्वाह्न 11:30 बजे पुलिस अधीक्षक स्वयं उपस्थित रहकर आमजनों की शिकायतें सुनेंगी और उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश देंगी। किसी अपरिहार्य कारणवश कार्यक्रम में परिवर्तन होने पर अलग से सूचना जारी की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक की यह पहल इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि इससे आदित्यपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय तक नहीं जाना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही पुलिस प्रशासन से सीधा संवाद स्थापित करने का अवसर मिलेगा, जिससे शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और तेजी आने की उम्मीद है।
क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा है कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने की दिशा में यह एक सकारात्मक कदम है। इससे लोगों का पुलिस प्रशासन पर विश्वास और मजबूत होगा तथा जनसमस्याओं के समाधान की प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनेगी।
जनहित को प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी द्वारा शुरू की गई यह पहल निश्चित रूप से जनसुनवाई व्यवस्था को और सशक्त बनाने का कार्य करेगी तथा आम लोगों को न्याय और सहायता प्राप्त करने में सहूलियत प्रदान करेगी।