अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के विरुद्ध देर रात चलाया गया संयुक्त जांच अभियान, तीन वाहन जब्त

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के विरुद्ध देर रात चलाया गया संयुक्त जांच अभियान, तीन वाहन जब्त

ईचागढ़, 28 जुलाई : सरायकेला खरसावां उपायुक्त के निर्देश पर सोमवार की देर रात जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में जिला खनन विभाग द्वारा अंचल अधिकारी एवं ईचागढ़ थाना प्रभारी ने थाना क्षेत्र अंतर्गत पातकुम क्षेत्र में बालू एवं पत्थर खनिज के अवैध परिवहन के विरुद्ध सघन वाहन जांच एवं छापामारी अभियान चलाया।

जांच अभियान के दौरान खनिज लदे सभी वाहनों के परिवहन चालान एवं खनिज की मात्रा का सत्यापन किया गया। निरीक्षण के क्रम में पातकुम चौक के समीप पत्थर खनिज से लदे हाइवा वाहन संख्या JH05CF0396 में परिवहन चालान में अंकित मात्रा से अधिक खनिज का परिवहन करते पाया गया। वहीं, बालू खनिज से लदे दो ट्रैक्टर बिना वैध परिवहन चालान के बालू का परिवहन करते पाए गए।

अनियमितता पाए जाने पर उक्त तीनों वाहनों को जब्त कर सुरक्षार्थ ईचागढ़ थाना में सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में जिला खनन विभाग द्वारा खनन अधिनियम एवं प्रचलित विधिक प्रावधानों के तहत नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।

अवैध खनन, भंडारण एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिले में इस प्रकार की गतिविधियों को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध खनन, भंडारण अथवा परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों एवं वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Share This Article