उत्पाद विभाग और पुलिस की कार्रवाई : चौका के मिरूडीह से 1790.64 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त

Manbhum Updates
3 Min Read
बरामद शराब और अन्य सामग्रियों को वाहनों से ले जाती आवकारी विभाग की टीम

चांडिल, 06 अप्रैल : सरायकेला-खरसावां जिला उत्पाद विभाग और चौका थाना की पुलिस द्वारा अवैध शराब के विरूद्ध चलाए गए विशेष छापामारी अभियान में टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने चौका थाना क्षेत्र के मिरूडीह गांव में छापामारी अभियान चलाया। इस दौरान टीम को बड़ी मात्रा में अवैध विदेशी शराब एवं सामग्री मिली। छापामारी के दौरान मिरुडीह गांव के एक टीन शेड में अवैध रूप से भंडारित पंजाब निर्मित विदेशी शराब बड़ी मात्रा में बरामद की गई। छापामारी के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।

शराब पेटियों को जप्त करती पुलिस

मिली जानकारी के अनुसार सरायकेला-खरसावां जिले के उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार एवं उत्पाद अधीक्षक क्षितिज मिंज के नेतृत्व में सोमवार प्रातः 02:30 से 07 बजे तक चौका थाना अंतर्गत ग्राम मिरूडीह में विशेष छापामारी अभियान संचालित किया गया। इस दौरान एक टीना शेड में अवैध रूप से भंडारित पंजाब निर्मित कुल 1790.64 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त किया गया। बरामद विदेशी शराब में McDowell’s No.1, After Dark एवं Imperial Blue ब्रांड की 750 एमएल का 900 बोतल, 375 एमएल का 1800 बोतल, 180 एमएल का 2448 बोतल शामिल है।

टीम ने विदेशी शराब के अलावा टीना शेड से 30 खाली ड्रम एवं प्लास्टिक जार भी बरामद किया है। छापामारी के दौरान टीम ने पुछताछ के लिए तीन लोगों को हिरासत में भी लिया था। इस संबंध में संलिप्त अवैध शराब कारोबारियों की पहचान की जा रही है तथा उनके विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत उत्पाद वाद दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। उक्त छापामारी दल में पूर्वी सिंहभूम के उत्पाद पदाधिकारी, सरायकेला-खरसावां जिले के उत्पाद विभाग के पदाधिकारी एवं चौका थाना के थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस बल शामिल थे।

उत्पाद अधीक्षक क्षितिज मिंज द्वारा आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं विक्रय में किसी भी प्रकार की संलिप्तता दंडनीय अपराध है, जिसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अवैध शराब के संबंध में तत्काल नजदीकी थाना अथवा उत्पाद विभाग को सूचना दें। उन्हाेंने कहा कि अवैध शराब के सेवन से स्वास्थ्य पर गंभीर एवं जानलेवा दुष्प्रभाव पड़ सकते हैं, अतः इससे दूर रहें। साथ ही अभिभावक अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को अवैध शराब के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।

Share This Article