नीमडीह में मिली अज्ञात महिला की नहीं हो सकी पहचान, पुलिस ने लोगों से मांगी मदद

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

नीमडीह, 20 जून : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बामनी स्थित खेलाई चंडी मेला स्थल के समीप शनिवार सुबह बरामद हुई अज्ञात महिला के शव की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। शव मिलने के बाद पुलिस लगातार मृतका की पहचान कराने का प्रयास कर रही है, लेकिन अब तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है।

जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना आसपास के गांवों में दी गई है तथा स्थानीय लोगों से भी पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई भी व्यक्ति महिला की पहचान नहीं कर पाया। इससे यह संभावना जताई जा रही है कि महिला स्थानीय क्षेत्र की निवासी नहीं थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नीमडीह थाना पुलिस ने सीमावर्ती क्षेत्रों की पुलिस से भी संपर्क किया है। बोड़ाम थाना के अलावा पश्चिम बंगाल के बलरामपुर और बराबाजार थाना को भी महिला की पहचान से संबंधित सूचना भेजी गई है।

पुलिस के अनुसार मृतका ने रंगीन नाइटी पहन रखी थी। उसकी मांग में सिंदूर लगा हुआ था तथा हाथों में कंगन थे, जिससे उसके विवाहित होने की संभावना जताई जा रही है। घटनास्थल के पास से दो जोड़ी चप्पल भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें पुलिस ने जांच के लिए सुरक्षित रखा है।

नीमडीह पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को महिला के संबंध में कोई जानकारी हो या वह उसकी पहचान कर सके तो तत्काल नीमडीह थाना से संपर्क करें। पुलिस का मानना है कि मृतका की पहचान होने के बाद मामले की गुत्थी सुलझाने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है।

Share This Article