अल्पसंख्यक समुदाय के सदस्यों से उनकी समस्याएं सुनेंगे अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष और सदस्य

जमशेदपुर, 27 अगस्त : झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष प्रणोष सोलोमन एवं सदस्य एकरारूल हसन 28 अगस्त को जमशेदपुर प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे जमशेदपुर परिसदन में दोपहर दो बजे विभिन्न अल्पसंख्यक समुदायों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याओं को सुनेंगे। इस संबंध में ऑल इंडिया क्रिश्चियन माइनॉरिटी फ्रंट के अध्यक्ष अजित तिर्की ने कहा कि हाल के दिनों में जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में धर्म के नाम पर प्रताड़ना और भेदभाव की घटनाएं बढ़ रही हैं। यह न केवल मानवाधिकारों का उल्लंघन है बल्कि भारतीय संविधान के मूल अधिकारों के भी विरुद्ध है। धर्म के आधार पर किसी भी प्रकार का उत्पीड़न या हिंसा संविधान की भावना और लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा आघात है।
उन्होंने कहा कि यह आयोग की बैठक उन सभी पीड़ितों के लिए एक अवसर है, जो वर्षों से अपनी आवाज़ बुलंद करने में असमर्थ रहे हैं। आयोग के समक्ष सीधे अपनी व्यथा रखने से उन्हें न्याय और उचित कार्रवाई की उम्मीद मिलेगी। अजित तिर्की ने अल्पसंख्यक समुदाय के सभी लोगों, विशेषकर धार्मिक प्रताड़ना के शिकार व्यक्तियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित हों और संविधान प्रदत्त अपने अधिकारों की रक्षा हेतु अपनी समस्याएं आयोग के समक्ष रखें।


