साकची में पेंशनर समाज की ओर से कवि गोष्ठी का आयोजन

जमशेदपुर, 27 अगस्त : अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ दिवस के अवसर पर बुधवार को पेंशनर समाज, साकची के सभागार में कवि गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद मंच पर पेंशनर समाज के एस.पी. सिंह, एस.सी. झा, प्रसिद्ध कवि राजदेव सिन्हा और कवयित्री ज्योत्सना अस्थाना आसीन हुए। आमंत्रित कवियों का स्वागत पौधा भेंटकर किया गया, जबकि स्वागत संबोधन एस.पी. सिंह ने किया।
गोष्ठी में कवयित्री माधवी उपाध्याय ने अपने सावनी गीत से श्रोताओं को खूब झुमाया। युवा कवि मनीष कुमार और निशांत कुमार सिंह की ओजपूर्ण कविताओं ने माहौल को ऊर्जावान बना दिया। वहीं कवयित्रियों सरिता सिंह और अर्चना अरुप ठाकुर की रचनाओं ने कई बुनियादी सवाल खड़े कर श्रोताओं को सोचने पर विवश किया।

अनिता सिंह, एन.के. सिंह, विनोद बेगाना, नीलांबर चौधरी और सुष्मिता मिश्रा ने भी अपनी कविताओं के जरिए देशभक्ति और निष्ठा का संदेश दिया। डॉ. संध्या सिन्हा ने प्रेमपत्र कविता के माध्यम से किताबों की महत्ता को रेखांकित किया। प्रसिद्ध कवि राजदेव सिन्हा ने अपनी रचना के जरिये संबंधों की शाश्वत चेतना और प्रकृति की करुण वेदना पर प्रकाश डाला। वहीं ज्योत्सना अस्थाना ने वर्षा की भीषणता को केन्द्र में रखकर भोजपुरी गीत की प्रस्तुति दी, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा।
कवि गोष्ठी का संचालन वरुण प्रभात ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में पेंशनर समाज के सभी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



