सरायकेला खरसावां पुलिस को मिली बड़ी सफलता, बंद गोदाम से 56 गैस सिलेंडर की चोरी का 24 घंटे में खुलासा, जमशेदपुर से बरामद, आरोपी गिरफ्तार
कुकड़ू, 04 अगस्त: सरायकेला-खरसावां जिले के तिरुलडीह थाना क्षेत्र में इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम से बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर चोरी होने के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। चोरी की शिकायत के बाद 24 घंटे से भी कम समय में ही पुलिस ने मामले का खुलासा कर लिया है।
सूत्रों के अनुसार, चोरी किए गए गैस सिलेंडरों को जमशेदपुर से बरामद कर लिया गया है, जबकि इस मामले में आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार देर रात तिरुलडीह थाना क्षेत्र के डाटम स्थित इंडेन गैस कंपनी के ग्रामीण वितरक के बंद गोदाम का ताला तोड़कर चोरों ने 56 भरे हुए गैस सिलेंडर चोरी कर लिए थे। सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर गोदाम संचालक ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूत्रों के अनुसार, घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। जांच टीम ने खुफिया सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। इसी दौरान जमशेदपुर से चोरी किए गए गैस सिलेंडर बरामद किए गए और मामले में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
हालांकि, इस कार्रवाई की अभी तक पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। संभावना है कि पुलिस अधीक्षक या चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) जल्द प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा करेंगे।
सूत्रों का कहना है कि इस बड़ी कार्रवाई में पुलिस की तकनीकी जांच, खुफिया इनपुट और त्वरित कार्रवाई ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके कारण चोरी के मामले का जल्द खुलासा संभव हो सका।