छह मई तक बदला रहेगा मौसम का मिजाज, विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

Manbhum Updates
2 Min Read

 

चंडिल, 02 मई : गर्मी का मौसम अपने परवान पर चढ़ा भी नहीं और प्री मानसून जैसा मौसम बन गया है। कभी घने बादलों के साथ सुबह की शुरूआत तो कभी बारिश के साथ शाम। कभी रात में झमाझम बारिश तो कभी भरी दोपहरी में वर्षा। मौसम के बदले इस मिजाज से वातावरण सुहावना बन रहा है। शनिवार को दोपहर में तेज हवा के साथ हुई बारिश ने तपती गर्मी के ठंडक घोल दिया। बारिश होने से दोपहर की तपीस से लोगों को राहत मिला।

बदला रहेगा मौसम का मिजाज

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मौसम का मिजाज छह मई तक बदला रहेगा। 3 मई को आंशिक बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 4 से 6 मई तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। राज्य के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। इसको लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है।

तापमान घटने की संभावना

इस दौरान तापमान में कमी आएगी। मौसम विभाग के अनुसार छह मई तक तापमान घटता जाएगा। तीन मई को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं चार मई को 35 व 22, पांच मई को 33 व 21 और छह मई को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। छह मई के बाद तापमान में बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। मौसम के इस लूकाछिपी के बीच लोगों को गर्मी के बीच बारिश का भी आनंद मिल रहा है।

Share This Article