सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नीमडीह में अल्ट्रासाउंड व एक्स-रे मशीन का शुभारंभ

58 लाख की लागत से डीएमएफटी फंड से स्थापित अत्याधुनिक उपकरण
नीमडीह, 22 फरवरी : ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नीमडीह में रविवार को 58 लाख रुपये की लागत से डीएमएफटी फंड के तहत स्थापित अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड एवं एक्स-रे मशीन का शुभारंभ किया गया। विधायक सविता महतो, जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो व स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों ने फीता काटकर व दीप प्रज्वलित कर मशीन का विधिवत उद्घाटन किया।
मशीन की स्थापना से अब क्षेत्रवासियों को जांच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नई मशीनों के शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधा उपलब्ध होगी। इससे गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार में भी सहूलियत मिलेगी।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से इस सुविधा की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है। स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।



