स्टील एक्सप्रेस में महिला के पर्स से सोने की चेन चोरी, आरोपी गिरफ्तार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

CCTV फुटेज के आधार पर हुई पहचान, 4.830 ग्राम की चेन बरामद

जमशेदपुर, 29 अगस्त : रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और रेल पुलिस ने ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत कार्रवाई करते हुए स्टील एक्सप्रेस में महिला के पर्स से सोने की चेन चोरी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की गई सोने की चेन भी बरामद कर ली है। बरामद चेन का वजन 4.830 ग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 81 हजार रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, 24 अगस्त को गम्हरिया निवासी सुनीता वर्मा स्टील एक्सप्रेस में सवार हो रही थीं। इसी दौरान उनके लेडिस पर्स से सोने की चेन चोरी हो गई। घटना के संबंध में उन्होंने 28 अगस्त को रेल थाना टाटानगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलने के बाद मंडल सुरक्षा आयुक्त, RPF चक्रधरपुर मंडल और रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के मार्गदर्शन में RPF टाटा और GRP टाटा की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। टीम ने टाटानगर स्टेशन परिसर में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध की पहचान की गई।

इसके बाद संयुक्त टीम ने टाटानगर स्टेशन परिसर से संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की गई सोने की चेन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान करीब 24 वर्षीय भगवान चौधरी, निवासी कोटशीला के रूप में हुई है।

आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर के सुपुर्द कर दिया गया है। पूरी कार्रवाई RPF/ASI बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में RPF टाटा और GRP टाटा की संयुक्त टीम ने की।

Share This Article