बारिश के बाद बढ़ा डूबने का खतरा, जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

 

सरायकेला, 29 अगस्त : जिले में पिछले दिनों हुई मूसलाधार बारिश के बाद जलाशयों, पोखर, डोभा, नदी-नालों के साथ-साथ खेत-खलिहानों और घरों के आसपास पानी भर गया है। ऐसे में डूबने की घटनाओं की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने आम लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी कार्यालय की जनसंपर्क शाखा की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि बारिश के दौरान जलस्रोतों और खुले गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अनुमान लगाना मुश्किल हो जाता है। नहाने, कपड़े धोने, मवेशियों को पानी पिलाने या नहलाने तथा मनोरंजन के दौरान असावधानी से दुर्घटनाएं हो सकती हैं। वहीं, निर्माण कार्यों और मिट्टी की खुदाई से बने खुले गड्ढों में बच्चों के डूबने का खतरा भी बढ़ जाता है।

प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को असुरक्षित जलस्रोतों और पानी से भरे गड्ढों के आसपास अकेला न छोड़ें। घरों के आसपास मौजूद गड्ढों की रस्सी, लकड़ी या बांस से घेराबंदी कर चेतावनी संकेत लगाने की सलाह दी गई है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में खुले मेनहोल, जलमग्न रास्तों और अन्य असुरक्षित स्थानों की पहचान कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।

प्रशासन ने नदी घाटियों में अवैध बालू उत्खनन और मिट्टी की खुदाई से बनी असमान गहराई वाले स्थानों को भी डूबने की घटनाओं के लिए गंभीर जोखिम बताया है। बारिश के मौसम में ऐसे स्थानों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।

बचाव के दौरान खुद की सुरक्षा जरूरी

प्रशासन ने लोगों से कहा है कि तैराकी का ज्ञान नहीं रखने वाले व्यक्ति डूब रहे लोगों को बचाने के लिए सीधे पानी में न उतरें। सुरक्षित स्थान से रस्सी, बांस, डंडे, साड़ी, टायर या अन्य तैरने वाली वस्तुओं की मदद से बचाव का प्रयास करें और तत्काल आसपास के लोगों से सहायता लें।

साथ ही बच्चों को बुनियादी तैराकी एवं जीवन रक्षक कौशल सिखाने, जलस्रोतों के आसपास लाइफ जैकेट और अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रखने तथा जोखिम वाले स्थानों पर ‘नो सेल्फी जोन’ का संकेत लगाने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से जलस्रोतों के किनारे सेल्फी और अन्य जोखिमपूर्ण मनोरंजन गतिविधियों से बचने की अपील की है।

प्रशासन ने कहा कि मानसून के दौरान डूबने की घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में थोड़ी सी सावधानी बरतकर कई हादसों को रोका जा सकता है। आम लोगों से जल सुरक्षा संबंधी सावधानियों को अपने परिवार, दोस्तों और आसपास के लोगों तक पहुंचाने की अपील की गई है।

Share This Article