अवैध खनन व परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, हाइवा सहित दो वाहन जब्त, अवैध बालू भंडारण भी पकड़ा गया

जमशेदपुर, 19 दिसंबर : पूर्वी सिंहभूम जिले के उपायुक्त के निर्देशानुसार अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला खनन कार्यालय द्वारा लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 18 दिसंबर की मध्य रात्रि बिना वैध परिवहन चालान के अवैध रूप से पत्थर चिप्स का परिवहन कर रहे हाइवा वाहन संख्या जेएच09एटी 9118 को जब्त किया गया। उक्त वाहन को घाटशिला थाना को सुपुर्द कर दिया गया है तथा संबंधित मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
वहीं शुक्रवार को बिरसानगर स्थित स्वर्णरेखा बालू घाट से अवैध रूप से बालू का परिवहन कर रहे वाहन संख्या जेएच05डीटी 8284 को भी जब्त कर बिरसानगर थाना को सौंपा गया है। जब्त किए गए दोनों वाहनों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
छापेमारी के दौरान स्वर्णरेखा बालू घाट पर अवैध बालू उठाव में प्रयुक्त चचड़ी एवं अन्य संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया गया, ताकि भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
इसके अलावा 16 दिसंबर को बहरागोड़ा अंचल अंतर्गत लगभग 15,000 घन फीट अवैध रूप से भंडारित बालू को जब्त करते हुए संबंधित मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी सख्त एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।



