नालियां जाम होने से सड़क पर जमा हुआ पानी, दुकानों में घुसा बारिश का पानी; जेसीबी से शुरू हुई सफाई
चांडिल, 25 सितंबर : पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश ने कपाली नगर परिषद क्षेत्र की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। भारी बारिश के कारण कपाली के टीओपी चौक समेत कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। टीओपी चौक की सड़क पूरी तरह पानी में डूब जाने से राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय दुकानदारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
लगातार बारिश के कारण सड़क किनारे बनी नालियां जाम होने से पानी की निकासी नहीं हो सकी और बारिश का पानी सड़क पर जमा हो गया। जलजमाव के कारण कई दुकानों में भी पानी घुस गया, जिससे दुकानदारों को परेशानी उठानी पड़ी। दुकानदारों के अनुसार, दुकानों में रखा सामान भी बारिश के पानी से भीग गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि टीओपी चौक के अलावा कपाली नगर परिषद क्षेत्र के कई अन्य हिस्सों में भी जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। कुछ इलाकों में बारिश का पानी घरों में घुसने की भी सूचना है। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति को देखते हुए स्थानीय वार्ड पार्षद की पहल पर नगर परिषद की जेसीबी मशीन मौके पर पहुंची और जाम नालियों की सफाई शुरू कराई गई। नालियों से कचरा और अवरोध हटाए जाने के बाद पानी की निकासी शुरू हुई, जिससे टीओपी चौक पर जलस्तर में कुछ कमी आई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश के दौरान कपाली के कई इलाकों में जलजमाव की समस्या सामने आती है। लोगों ने नगर परिषद से नालियों की नियमित सफाई के साथ-साथ जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान लोगों और दुकानदारों को परेशानी से निजात मिल सके।



