जनता दरबार में गूंजी नागरिकों की समस्याएं, डीसी ने जांच के बाद कार्रवाई के दिए निर्देश
सरायकेला, 25 सितंबर : समाहरणालय परिसर स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित किया गया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों एवं फरियादियों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में छोटा गम्हरिया स्थित शराब दुकान के आसपास सड़क पर असामाजिक तत्वों द्वारा शराब सेवन किए जाने की शिकायत सामने आई। वहीं, केरला पब्लिक स्कूल के समीप मुख्य सड़क पर नाली का पानी अत्यधिक बहने से उत्पन्न समस्या का भी मामला रखा गया।
इसके अलावा गम्हरिया अंचल के मौजा आदित्यपुर, आशियाना मोड़ के समीप अतिक्रमित भूमि एवं दुकान पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई। आदित्यपुर रेलवे टनल के नॉर्थ साइड में नई रेलवे लाइन निर्माण के दौरान सड़क पर मिट्टी फैलने से फिसलन की समस्या तथा आदित्यपुर-कांड्रा सड़क के प्रथम किलोमीटर में पान दुकान चौक के समीप सड़क निर्माण के समय से बने कट और उससे जुड़ी यातायात व्यवस्था को लेकर भी शिकायतें प्राप्त हुईं।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवेदन हस्तांतरित करते हुए मामलों की स्थल जांच कर तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, शिकायतों के निराकरण के बाद संबंधित आवेदकों को की गई कार्रवाई से अवगत कराने को भी कहा।



