शहीद दिवस पर यातायात व्यवस्था में बदलाव, कई मार्गों पर भारी वाहनों की नो इंट्री
सरायकेला, 30 दिसंबर : शहीद दिवस के अवसर पर 1 जनवरी 2026 को झारखंड के मुख्यमंत्री के सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत खरसावां शहीद स्थल आगमन एवं भ्रमण कार्यक्रम को लेकर यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है। इसे लेकर जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा आवश्यक आदेश जारी किया गया है।
आदेश के अनुसार यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने एवं सुरक्षा के मद्देनजर 31 दिसंबर 2025 की रात्रि 9 बजे से 1 जनवरी 2026 की शाम 8 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर सभी प्रकार के व्यावसायिक (भारी) वाहनों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
नो इंट्री वाले मार्गों में सरायकेला से खरसावां जाने वाली सड़क (बिरसा चौक), पांड्राशाली से खरसावां (पांड्राशाली चौक), कुचाई से खरसावां (कुचाई चौक), सीनी से खरसावां (सीनी चौक) तथा खरसावां से रड़गांव जाने वाली सड़क (डुडांग पिकेट के समीप) शामिल हैं।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित अवधि में वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन कर सहयोग करें।



