एक्सएलआरआई के रक्तदान शिविर में जुटाए गए 100 यूनिट रक्त 

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

एक्सएलआरआई के रक्तदान शिविर में जुटाए गए 100 यूनिट रक्त 

जमशेदपुर, 18 अगस्त : एक्सएलआरआई, जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, जमशेदपुर के सामाजिक पहलों की समिति टीम सिग्मा – ऑइकोस ने फादर प्रभु हॉल में वार्षिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया। शिविर का आयोजन ब्रह्मानंद नारायणा मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, जमशेदपुर के सहयोग से किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत डीन (प्रशासन एवं वित्त) डॉ. डोनाल्ड डी’सिल्वा, एस.जे. ने दीप प्रज्वलन के साथ किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि “एक्सएलआरआई में सेवा केवल एक मूल्य नहीं, बल्कि जीवन जीने का तरीका है। यह पहल हमारे समाज कल्याण और ‘द ग्रेटर गुड’ की दिशा में हमारी गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।” यह वार्षिक रक्तदान शिविर एक्सएलआरआई की दीर्घकालिक परंपरा का हिस्सा है, जो सीधे तौर पर संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्य से जुड़ा है।

रक्तदान शिविर में पिछले वर्ष की तुलना में 25 प्रतिशत अधिक सहभागिता दर्ज की गई। एचआरएम, बीएम, जीएमपी और एफपीएम कार्यक्रमों के विद्यार्थियों के साथ-साथ संकाय सदस्य, कर्मचारी और उनके परिवार भी बड़ी संख्या में आगे आकर रक्तदान किए। शिविर में विशेष बात यह रही कि कई प्रथम बार रक्तदाता भी इस पहल का हिस्सा बने। इस दौरान कुल 100 से अधिक यूनिट रक्त एकत्र किया गया, जिससे 300 से अधिक मरीजों का जीवन बचाया जा सकेगा। यह रक्त कैंसर रोगियों, आकस्मिक जरूरतमंदों तथा सरकारी और धर्मार्थ अस्पतालों के वंचित मरीजों को उपलब्ध कराया जाएगा। शिविर का आयोजन प्रशिक्षित चिकित्सकों की देखरेख में सख्त सुरक्षा और स्वच्छता मानकों के अनुरूप संपन्न हुई। रक्तदाताओं को धन्यवाद स्वरूप प्रमाणपत्र, स्मृति चिन्ह और अल्पाहार भी प्रदान किए गए।

Share This Article