नीमडीह पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एन्टी क्राइम एवं एन्टी रेस ड्राइविंग अभियान के तहत मोडिफाइड बाइक जप्त

नीमडीह, 11 अगस्त : सड़क सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के मद्देनज़र नीमडीह पुलिस ने सोमवार को विशेष अभियान चलाया। थाना क्षेत्र के ग्राम बान्दू एवं पारगामा पंचायत भवन के पास एन्टी क्राइम एवं एन्टी रेस ड्राइविंग चेकिंग की गई।
इस दौरान पुलिस टीम ने सड़क पर चल रहे वाहनों की गहन जांच की। चेकिंग के दौरान एक मोडिफाइड मोटरसाइकिल पकड़ी गई, जिसमें गैर-कानूनी तरीके से बदलाव किए गए थे। पुलिस ने वाहन को तुरंत जप्त कर लिया और चालक से संबंधित सभी दस्तावेजों की जांच की।

थाना प्रभारी संतन तिवारी ने बताया कि मोडिफाइड वाहनों से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है और ऐसे वाहन सड़क पर तेज रफ्तार व खतरनाक ड्राइविंग के लिए प्रोत्साहित करते हैं। इसलिए, इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। जप्त मोटरसाइकिल के मालिक के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस के इस कदम का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि इस तरह के नियमित चेकिंग से सड़क हादसों और स्टंटबाजी पर अंकुश लगेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, मॉडिफिकेशन से बचें और अपनी व दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।



