नीमडीह : रघुनाथपुर में कामरेड सुचांद महतो की 5वीं पुण्यतिथि मनाई गई, जल-जंगल-जमीन की रक्षा का लिया गया संकल्प

नीमडीह, 26 अगस्त : माकपा एवं झारखंड राज्य किसान सभा के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को रघुनाथपुर में पार्टी के पूर्व जिला सचिव एवं प्रख्यात किसान नेता कामरेड सुचांद महतो का 5वां स्मृति दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई।
मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए माकपा राज्य सचिव मंडल सदस्य सह किसान सभा के राज्य अध्यक्ष सुफल महतो ने कहा कि कामरेड सुचांद महतो का पूरा जीवन किसानों-मजदूरों के अधिकार, अंधविश्वास, सामाजिक कुरीतियों और नफरत के खिलाफ संघर्ष को समर्पित रहा। उनके विचार और संघर्ष को हमेशा याद रखा जाएगा।
स्मृति दिवस के अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने जल, जंगल, जमीन, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लिया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा सत्ता पक्ष के लिए वोट चोरी की घटनाएं लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं। साथ ही 1 से 15 सितंबर तक जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों के समक्ष जनमुद्दों को लेकर धरना-प्रदर्शन करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में माकपा जिला सचिव सुरेंद्र नाथ महतो, जिला कमिटी सदस्य हरे कृष्ण महतो, नीशिकांत महतो, शक्ति पद मंडल, कमल पारित, शिव प्रसाद पांडेय, प्रबोध महतो, तारा पद रवानी, सत्य रंजन कोटका, यमुना देवी, रामाशंकर गोराई, हारानंद दास, परसुराम मुंडा, देवेन्द्र नाथ सिंह, बैजनाथ महतो, धनंजय कुमार, भृगु राम महतो, घासीराम महतो, लक्ष्मी महतो, पूजा महतो, निर्मला महतो, मजू महतो, ममता महतो, पिंटू मांझी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
सभा के दौरान लगातार “कामरेड सुचांद महतो अमर रहें” के नारे गूंजते रहे।



