एनएसके स्कूल चांडिल में नवनिर्मित खेल मैदान व डांस स्टूडियो का भव्य उद्घाटन

चांडिल, 28 फरवरी : शैक्षणिक संस्थानों में बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के तहत शनिवार को NSK स्कूल चांडिल परिसर में नवनिर्मित खेल मैदान एवं डांस स्टूडियो का विधिवत उद्घाटन किया गया। यह उद्घाटन नौरंगराय सूर्यादेवी ट्रस्ट के ट्रस्टियों द्वारा पूजा-अर्चना एवं फीता काटकर किया गया। उद्घाटन समारोह में ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी बिनोद खैतान, पीयूष खैतान, सुरेंद्र खेतान, चंद्रकला खेतान, कणिका खेतान, उमा खेतान, दीप्ति खेतान एवं वंदना कनोरिया की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर अतिथियों के सम्मान में नौरंगराय सूर्यादेवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, चांडिल में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय की छात्राओं ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य ट्रस्टी बिनोद खैतान ने अपने संबोधन में कहा कि खेल मैदान एवं डांस स्टूडियो जैसी आधुनिक सुविधाएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे बच्चों का शैक्षणिक विकास तो सुदृढ़ होता ही है, साथ ही मानसिक एवं शारीरिक विकास को भी नई दिशा मिलती है।
उन्होंने कहा कि ट्रस्ट भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में ऐसे रचनात्मक और उपयोगी कार्य करता रहेगा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के शिक्षक सुब्रत चटर्जी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। समारोह को लेकर विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।



