सीतारामडेरा में स्कूली बच्चों से लदा ऑटो पलटा, तीन बच्चे घायल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सीतारामडेरा में स्कूली बच्चों से लदा ऑटो पलटा, तीन बच्चे घायल

जमशेदपुर, 14 अगस्त : सीतारामडेरा थाना से महज करीब 150 मीटर की दूरी पर शुक्रवार को स्कूली बच्चों से लदा एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में ऑटो सवार एक बच्ची समेत तीन बच्चे घायल हो गए। दुर्घटना में ऑटो चालक को भी चोट आई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, ऑटो में गोलमुरी स्थित संत जोसफ स्कूल के बच्चे सवार थे। बताया जा रहा है कि सीतारामडेरा थाना के पास अचानक एक कुत्ता ऑटो के सामने आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में चालक ने ऑटो से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद ऑटो सड़क पर पलट गया।

ऑटो के पलटते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों और ऑटो चालक की मदद से घायल बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया। हादसे के बाद कुछ देर तक घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लगी रही।

घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी गई। लोगों ने स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले ऑटो और अन्य वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। स्थानीय लोगों ने स्कूली वाहनों की नियमित जांच, चालकों की सतर्कता और बच्चों की सुरक्षा के लिए जरूरी मानकों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।

Share This Article