
जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं, त्वरित कार्रवाई के निर्देश
जमशेदपुर, 14 अगस्त : समाहरणालय में शुक्रवार को आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने व्यक्तिगत, सामूहिक और जनहित से जुड़े विभिन्न मामलों को लेकर उपायुक्त के समक्ष आवेदन एवं ज्ञापन सौंपे।

जन शिकायत निवारण दिवस में स्कूल फीस माफी, बोड़ाम प्रखंड के कदमजोड़ा गांव के ग्राम प्रधान को हटाने, आर्म्स लाइसेंस, वृद्धा पेंशन, आवास, जमीन विवाद समेत कई मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। वहीं, मुसाबानी क्षेत्र में कारखाने से होने वाले प्रदूषण की शिकायत भी नागरिकों ने उपायुक्त के समक्ष रखी।
उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर यथोचित और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को शिकायतों की जांच कर नियमों के अनुरूप कार्रवाई करने तथा की गई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
जन शिकायत निवारण दिवस के माध्यम से जिला प्रशासन ने आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासनिक स्तर पर त्वरित पहल का भरोसा दिलाया।



