स्वच्छता के लिए सड़क पर उतरे जनप्रतिनिधि और कर्मी, बोले- स्वच्छ नगर भी राष्ट्रसेवा

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

स्वच्छता के लिए सड़क पर उतरे जनप्रतिनिधि और कर्मी, बोले- स्वच्छ नगर भी राष्ट्रसेवा

सरायकेला, 14 अगस्त : स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर नगर पंचायत सरायकेला में देशभक्ति के साथ स्वच्छता का संदेश भी गूंजा। नगर पंचायत की ओर से “स्वतंत्रता दिवस, जनभागीदारी, स्वच्छ सरायकेला और राष्ट्रसेवा” की थीम पर विशेष स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान चलाया गया। अभियान में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी समेत जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कर्मचारियों, सफाईकर्मियों, स्वच्छता सेवाग्रहियों और सेवादूतों ने स्वयं श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

अभियान की शुरुआत नगर पंचायत कार्यालय से हुई। इस दौरान लोगों ने सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई कर नागरिकों को स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद अंजली राय, गौतम नायक, बिक्रम सिंह मोदक, बरुण कुमार साहू और सपन कामिला समेत नगर पंचायत के पदाधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

‘सफाईकर्मियों की नहीं, हर नागरिक की जिम्मेदारी’

नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल ध्वजारोहण और उत्सव का दिन नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को याद करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा, “स्वच्छता केवल सफाईकर्मियों या नगर पंचायत की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी का साझा दायित्व है। अपने घर के साथ सड़क, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखना भी राष्ट्रसेवा है।”

उन्होंने लोगों से पानी की बर्बादी रोकने, सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने और सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करने की अपील की।

शहीदों की याद में लगाए पौधे

अभियान के दौरान “एक पेड़ शहीदों के नाम” कार्यक्रम के तहत पौधारोपण भी किया गया। शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया। इस मौके पर संदेश दिया गया कि शहीदों की स्मृति को संजोने के साथ प्रकृति की भी रक्षा जरूरी है।

इसके अलावा “एक संकल्प सरायकेला के नाम” के तहत जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने स्वच्छता, जल संरक्षण, प्लास्टिक का कम इस्तेमाल और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा का संकल्प लिया।

बच्चों को भी जोड़ेगा नगर पंचायत

नई पीढ़ी को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने के लिए नगर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में “मेरा स्वच्छ सरायकेला” विषय पर निबंध और चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नगर पंचायत की ओर से सम्मानित किया जाएगा।

अध्यक्ष चौधरी ने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हर दिन की आदत होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी की भागीदारी से ही स्वच्छ, सुंदर और विकसित सरायकेला का सपना पूरा होगा। नगर पंचायत का संदेश है— “आजादी का सम्मान, स्वच्छ और जिम्मेदार सरायकेला हमारा संकल्प।”

Share This Article